Har Samay News ( हर समय न्यूज )

View Original

विकासात्मक उपलब्धियों में देश के अग्रणी राज्यों में हैं हरियाणा की अलग पहचान: उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़

चंडीगढ़, (KK) - उप राष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ ने कहा कि हरियाणा प्रदेश गौरवशाली इतिहास के साथ विकासात्मक स्वरूप का प्रत्यक्ष उदाहरण है। जहां गीता की जन्मस्थली पूरे विश्व में ज्ञान का प्रकाश दे रही है, वहीं हरियाणा सरकार की विकासात्मक उपलब्धि देश के अग्रणी राज्यों में हरियाणा को अतुलनीय पहचान दे रही है।

उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ रविवार को जिला कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की राज्यस्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के उपरांत अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।

इस दौरान उप राष्ट्र्रपति श्री जगदीप धनखड़ व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में राज्यस्तरीय प्रगतिशील हरियाणा प्रदर्शनी का उदघाटन एवं अवलोकन किया। श्री धनखड़ ने जनसंपर्क विभाग हरियाणा द्वारा तैयार राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में हरियाणा सरकार की 9 साल की उपलब्धियों को विस्तार से देखा और कहानी, अभिलेख व तस्वीरों की जुबानी की प्रदर्शनी को देखते हुए मुख्यमंत्री की कार्यशैली की सराहना की। इस प्रदर्शनी में उप राष्ट्रपति ने हरियाणा सरकार की विभागीय विकासात्मक उपलब्धियों व जनसेवा को समर्पित विकास योजनाओं को लेकर लगाई गई स्टॉल का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने प्रदेश के गौरवमयी इतिहास के साथ ही 9 साल में बदलते हरियाणा के विकासात्मक पहलुओं को दर्शाती प्रदर्शनी में उप राष्ट्रपति को अन्य विकासोन्मुखी रूपरेखा से अवगत कराया। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ अमित अग्रवाल ने विभागीय प्रदर्शनी के बारे में उप राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री व अन्य अतिथिगणों को विस्तार से जानकारी दी।

इस मौके पर राज्यमंत्री सरदार संदीप सिंह, सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री नायब सिंह सैनी, विधायक श्री सुभाष सुधा, पूर्व विधायक डॉ पवन सैनी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव, उपायुक्त श्री शांतनु शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।