Har Samay News ( हर समय न्यूज )

View Original

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भारत सरकार के कैलेंडर 2024 का अनावरण किया

आरएस अनेजा, नई दिल्ली

केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज “हमारा संकल्प विकसित भारत” की थीम के साथ भारत सरकार का कैलेंडर 2024 लॉन्च किया। कैलेंडर 2024 प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के तहत जन अनुकूल नीतियों की रचना तथा योजनाओं और पहलों के कार्यान्वयन के माध्यम से भारत की जनता के जीवन में आए सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक परिवर्तन को दर्शाता है। इस अवसर पर अपने संबोधन में ठाकुर ने सरकार की कई उपलब्धियों को याद किया, जिनसे संबंधित तस्वीरें कैलेंडर के पन्नों की शोभा बढ़ा रही हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत ने आत्मनिर्भर बनने की दिशा में शानदार प्रगति की है। जो देश मोबाइल फोन का दूसरा सबसे बड़ा आयातक था, वह आज दूसरा सबसे बड़ा निर्माता है। जो देश कभी वैक्सीन आयात करता था, वह अब वैक्सीन मैत्री के तहत पूरी दुनिया को वैक्सीन बांट रहा है। भारत आज विनिर्माण के क्षेत्र में अपार सफलता हासिल कर चुका है। उन्होंने कहा कि यहां तक कि जिन स्थानों पर भारत की उपस्थिति नगण्‍य थी, वहां भी भारत अब एक महत्‍वपूर्ण शक्ति बन चुका है। इसका उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भारत आज तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण को सर्वोपरि मानती है और यह एक ओर उज्ज्वला योजना और दूसरी ओर ड्रोन दीदी के रूप में परिलक्षित होता है। किसान कल्याण के विषय में, श्री ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार ने ही स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट लागू की। उन्होंने कहा कि इसके अलावा सरकार ने किसानों की समृद्धि पर अब तक 2.8 लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

पारदर्शिता एवं जवाबदेही इस सरकार के आदर्श हैं और इन्हीं मूल्यों ने एक समय पांच सबसे कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में से एक माने जाने वाले भारत को आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की स्थिति तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इन मूल्यों की भावना का संचार शीर्ष स्तर से होता है। एक आशावादी दृष्टिकोण के साथ अपने संबोधन का समापन करते हुए, श्री ठाकुर ने कहा कि 2023 समाप्त होने के साथ ही 2024 अवसरों की एक नई सुबह लेकर आ रहा है। दुनिया भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है, दुनिया नेतृत्व के लिए भारत की ओर देख रही है।